चुनाव से पहले उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक बदलाव..
कई जिलों के CDO और ADM बदले..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। राज्य सरकार ने 30 आईएएस और पीसीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल करते हुए उनके तबादले कर दिए हैं। बुधवार देर शाम सचिव कार्मिक शैलेश बगोली की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए। इस बदलाव के तहत कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ), अपर जिलाधिकारियों (एडीएम) और नगर आयुक्तों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। जारी आदेश के अनुसार, आईएएस निधि यादव से निदेशक पंचायती राज का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। वह अपर सचिव कृषि के पद पर बनी रहेंगी। देहरादून के सीडीओ अभिनव शाह को अपर सचिव पर्यटन बनाया गया है। वहीं, पिथौरागढ़ के सीडीओ रहे आईएएस दीपक सैनी को देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है। अपर निदेशक शहरी विकास प्रवीण कुमार को सीडीओ पिथौरागढ़ नियुक्त किया गया है। आईएएस अनामिका की प्रतीक्षा अवधि समाप्त करते हुए उन्हें सीडीओ अल्मोड़ा बनाया गया है। पौड़ी में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात गौरी प्रभात को रुड़की भेजा गया है। वहीं, रानीखेत की संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी अब काशीपुर में संयुक्त मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी संभालेंगी।
कुमाऊं मंडल और गन्ना विभाग में भी बदलाव
पीसीएस अधिकारियों के तबादलों में जीवन सिंह नगन्याल को अपर आयुक्त कुमाऊं मंडल के पद से हटाकर आयुक्त गन्ना एवं चीनी, काशीपुर की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह त्रिलोक सिंह मर्तोलिया को अपर आयुक्त कुमाऊं मंडल बनाया गया है। अल्मोड़ा के सीडीओ रामजी शरण शर्मा को इस पद से हटाकर अपर निदेशक आईटीडीए नियुक्त किया गया है। वहीं, तीर्थपाल सिंह को अपर निदेशक आईटीडीए के प्रभार से मुक्त किया गया है। वह स्मार्ट सिटी परियोजना का काम देखते रहेंगे। उत्तरकाशी के सीडीओ जय भारत सिंह को अपर निदेशक शहरी विकास बनाया गया है। रुद्रप्रयाग के एडीएम श्याम सिंह राणा को अपर नगर आयुक्त नगर निगम देहरादून की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एडीएम और नगर आयुक्तों के कार्यक्षेत्र बदले
प्रशासनिक फेरबदल के तहत एडीएम स्तर पर भी कई बदलाव किए गए हैं। बागेश्वर के एडीएम नारायण सिंह नबियाल को चमोली भेजा गया है, जबकि चमोली के एडीएम विवेक प्रकाश को अपर आयुक्त गन्ना एवं चीनी, काशीपुर बनाया गया है। ऊधमसिंह नगर में एडीएम प्रशासन रहे पंकज कुमार उपाध्याय को अपर मेलाधिकारी कुंभ हरिद्वार की जिम्मेदारी दी गई है। एडीएम कौस्तुभ मिश्र को उप निदेशक मंडी परिषद, रुद्रपुर भेजा गया है। देहरादून की एडीएम स्मृता परमार को नगर आयुक्त रुड़की बनाया गया है। काशीपुर के नगर आयुक्त को एडीएम बागेश्वर की जिम्मेदारी दी गई है। उप निदेशक मंडी परिषद रुद्रपुर निर्मला बिष्ट को एडीएम प्रशासन ऊधमसिंह नगर नियुक्त किया गया है। हरिद्वार के एडीएम प्रशासन जितेंद्र कुमार अब एडीएम देहरादून का कार्यभार संभालेंगे।
इन अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
अन्य तबादलों में पौड़ी की डिप्टी कलेक्टर नुपुर वर्मा को नगर आयुक्त रुद्रपुर बनाया गया है। टिहरी के डिप्टी कलेक्टर कमलेश मेहता को एडीएम रुद्रप्रयाग और देहरादून के डिप्टी कलेक्टर विनोद कुमार को एडीएम ऊधमसिंह नगर की जिम्मेदारी दी गई है। हल्द्वानी के नगर आयुक्त पारितोष वर्मा को नगर आयुक्त काशीपुर बनाया गया है, जबकि रुड़की के नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल को उप मेलाधिकारी कुंभ हरिद्वार नियुक्त किया गया है। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के कई जिलों और प्रमुख प्रशासनिक विभागों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल गई हैं।

