Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

चारधाम यात्रा के बाद अब शीतकालीन दर्शन के लिए भी होगा पंजीकरण..

चारधाम यात्रा के बाद अब शीतकालीन दर्शन के लिए भी होगा पंजीकरण..

पहली बार व्यवस्था लागू करने की तैयारी..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में शीतकालीन चारधाम यात्रा को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए सरकार नई पहल करने की तैयारी में है। अब शीतकालीन यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी पंजीकरण व्यवस्था लागू करने पर विचार किया जा रहा है। इसके माध्यम से पर्यटन विभाग और प्रशासन के पास यात्रियों का रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा, जिससे यात्रा से संबंधित आंकड़े जुटाने में मदद मिलेगी। चारधाम यात्रा के तहत गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट बंद हो चुके हैं। वहीं, 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही नियमित चारधाम यात्रा पर छह महीने का विराम लग जाएगा। हालांकि, सर्दियों के दौरान भी श्रद्धालु चारों धामों के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना और दर्शन कर सकेंगे। शीतकाल में बाबा केदार की पंचमुखी डोली ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान रहती है। मां गंगोत्री की पूजा मुखबा और मां यमुनोत्री की पूजा खरसाली में होती है। वहीं, बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर और उद्धव जी की पूजा पांडुकेश्वर में की जाती है।

शीतकालीन यात्रा में बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 8 दिसंबर 2024 को ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर शीतकालीन यात्रा का शुभारंभ किया था। इसके बाद से शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 में 73 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने शीतकालीन प्रवास स्थलों पर दर्शन किए थे, जबकि वर्ष 2025 में भी 50 हजार से अधिक श्रद्धालु यहां पहुंचे।

अनिवार्य नहीं होगा पंजीकरण
पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल के मुताबिक, चारधाम यात्रा के बाद अब प्रदेश में शीतकालीन पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जाएगा। इसी क्रम में शीतकालीन यात्रा के लिए पंजीकरण की व्यवस्था तैयार करने पर विचार चल रहा है। हालांकि, चारधाम यात्रा के मुकाबले सर्दियों में श्रद्धालुओं की संख्या कम रहती है, इसलिए पंजीकरण अनिवार्य करने की योजना नहीं है। इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की जानकारी जुटाना और सुरक्षा के लिहाज से उनका रिकॉर्ड तैयार करना है। इससे भविष्य में शीतकालीन यात्रा की बेहतर योजना बनाने और पर्यटन सुविधाओं को विकसित करने में भी मदद मिल सकती है।

 

 

 

 

To Top