उत्तराखंड में सफाई कर्मचारियों का बढ़ेगा मानदेय, CM धामी ने किया ऐलान..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में सफाई कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों के लिए राहत भरी खबर है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत इन कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाने की घोषणा की है। इस संबंध में जल्द ही उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें मानदेय वृद्धि को लेकर आगे का निर्णय लिया जाएगा। सोमवार को देहरादून नगर निगम परिसर में महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव के अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने राज्य के अलग-अलग विभागों में सेवाएं दे रहे सफाई कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों के मानदेय में बढ़ोतरी का ऐलान किया। सीएम ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में जल्द कदम उठाएगी। मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव पर विचार-विमर्श के लिए उच्चस्तरीय बैठक बुलाई जाएगी। हालांकि, अभी मानदेय में कितनी बढ़ोतरी होगी और इसे कब से लागू किया जाएगा, इस बारे में कोई अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है।
महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों पर चलने का संदेश
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने महर्षि वाल्मीकि को नमन करते हुए उनके जीवन और विचारों को याद किया। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की ओर से रचित रामायण ने भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादाओं को जन-जन तक पहुंचाया है। सीएम धामी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन समाज को यह संदेश देता है कि किसी व्यक्ति की पहचान उसकी जाति या सामाजिक स्थिति से नहीं, बल्कि उसके विचारों, कर्मों और समाज के प्रति योगदान से होती है। उन्होंने कहा कि रामायण में सत्य, धर्म, त्याग, प्रेम और समानता जैसे मूल्यों का वर्णन है, जो आज भी समाज को सही दिशा दिखाने का काम करते हैं।
मानदेय बढ़ने से कर्मचारियों को मिलेगी राहत
प्रदेश के विभिन्न विभागों में सफाई व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों में पर्यावरण मित्रों एवं सफाई कर्मचारियों की अहम भूमिका है। ऐसे में मानदेय बढ़ाने की घोषणा से इन कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। अब सभी की निगाहें प्रस्तावित उच्चस्तरीय बैठक पर टिकी हैं, जहां मानदेय वृद्धि से जुड़े अहम पहलुओं पर निर्णय लिया जा सकता है।

