Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

आशारोड़ी-मोहब्बेवाला रोड पर 24 घंटे में दूसरा हादसा..

आशारोड़ी-मोहब्बेवाला रोड पर 24 घंटे में दूसरा हादसा..

 

 

 

उत्तराखंड: आशारोड़ी चेकपोस्ट और मोहब्बेवाला मार्ग पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को हुए जानलेवा हादसे के करीब 24 घंटे बाद शुक्रवार तड़के इसी मार्ग पर एक और ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच हुआ। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी की मौत की सूचना नहीं है। हालांकि, एक ही स्थान पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मिक्सर ट्रक बिहारीगढ़ की ओर से देहरादून आ रहा था। इसी दौरान आशारोड़ी-मोहब्बेवाला मार्ग पर ढलान वाले हिस्से में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। ट्रक सड़क किनारे लगे सीमेंट के ब्लॉक से टकरा गया, जिससे दुर्घटना हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को ट्रक से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि चालक को मामूली चोटें आई हैं। घटना में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

एक दिन पहले हुए हादसे में गई थी एक व्यक्ति की जान
इस मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार, इससे करीब 24 घंटे पहले भी इसी स्थान के आसपास ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। लगातार दो हादसों के बाद इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही और ढलान वाले हिस्से में सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना संभावित क्षेत्र में वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। साथ ही, सड़क पर स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

आशारोड़ी चेकपोस्ट से मोहब्बेवाला की ओर जाने वाले मार्ग पर ढलान और भारी वाहनों की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग उठ रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, संवेदनशील हिस्सों पर पर्याप्त चेतावनी संकेत, गति नियंत्रण और अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए जाने चाहिए।लगातार हो रहे हादसों के बीच अब यह देखना अहम होगा कि संबंधित विभाग इस मार्ग पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए क्या कदम उठाते हैं।

 

 

To Top