देश/ विदेश

वेनिस में बाढ़ के बावजूद मैराथन में दौड़े रनर, कई इलाकों में 5 फीट तक पानी..

वेनिस में बाढ़ के बावजूद मैराथन में दौड़े रनर, कई इलाकों में 5 फीट तक पानी..

वेनिस का तीन चौथाई हिस्सा पानी में डूबा…

इटली :  इटली के ऐतिहासिक शहर वेनिस में लगातार बारिश के चलते बाढ़ आ गई है। वॉटर-वे के लिए दुनियाभर में मशहूर वेनिस के कई इलाकों में पांच फीट तक पानी भरा है। इसके बावजूद मंगलवार को शहर में लोग मैराथन में दौड़ते नजर आए। शहर का तीन-चौथाई हिस्सा डूबा होने के बावजूद रनर्स के इस तरह जोश दिखाने की पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है।

मैराथन की तारीख काफी पहले तय कर दी गई थी। लोग इसमें हिस्सा लेने के लिए काफी उत्साहित भी थे, लेकिन सोमवार को तेज बारिश और हाई टाइड के चलते पूरे शहर में पानी भर गया। ऐसी स्थिति में प्रशासन ने हाई एलर्ट का ऐलान कर दिया। इसके बावजूद घुटने तक भरे पानी के बीच रनर्स ने हौसला दिखाते हुए मैराथन में हिस्सा लिया। प्रशासन ने रनर्स को गहरे पानी में नहीं जाने की चेतावनी दी थी। साथ ही उनके लिए विशेष इंतजाम भी किए गए थे। पुरुषों में इथोपिया के मेकुआंत गेब्रे ने 2:13:22 घंटे का टाइम निकालकर रेस जीती, जबकि महिलाओं में केन्या की एंजेला तनुई ने 2:31:30 घंटे में मैराथन पूरी की।

वेनेतो प्रांत की गवर्नर लुका जाइया के मुताबिक, बाढ़ की वजह से शहर में बढ़ता जलस्तर पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ सकता है। उन्होंने कहा कि अगर हालत ऐसी ही रही तो जल्द ही 52 साल पुराना बाढ़ का रिकॉर्ड भी टूट जाएगा। तब शहर की प्राचीन धरोहरों को काफी नुकसान पहुंचा था। वेनिस के इतिहास में अब तक सिर्फ पांच बार ऐसा हुआ है जब बारिश की वजह से जलस्तर पांच फीट (61 इंच) से ऊपर चला गया।

वेनिस के सभी पर्यटन स्थल बंद..

वेनिस में इस वक्त ज्यादातर पर्यटन स्थल बंद कर दिए गए हैं, जिससे पर्यटकों को खासी दिक्कत हो रही है। प्रशासन ने प्राचीन स्थलों को बंद कर दिया है। माना जा रहा है कि आने वाले कुछ दिनों के लिए स्कूल और दफ्तर भी बंद रहेंगे। मंगलवार को कई पर्यटकों को अपना सामान सिर पर उठाए और पहने हुए जूतों पर प्लास्टिक बैग बांधे देखा गया। बड़ी तादाद में पर्यटक होटलों में कमरे तलाशते नजर अाए।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top