उत्तराखंड

उक्रांद ने फूंका भाजपा सरकार का पुतला..

गैरसैण में घाट की जनता पर हुई बर्बरता की निंदा की..

किसान सभा ने गैरसैंण की घटना पर जताया रोष..

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड क्रांति दल ने गैरसैंण में पुलिस द्वारा की गई बर्बरता की निंदा करते हुए भाजपा सरकार का पुतला फूंका। उक्रांद ने इसे भाजपा सरकार की तानाशाही करार देते हुए दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कठोर कारवाई की मांग की। उत्तराखंड क्रांति दल के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र नौटियाल के नेतृत्व में उक्रांद कार्यकर्ताओं ने रुद्रप्रयाग बाजार में सरकार का पुतला फूंकते हुए कहा कि जनता भाजपा को 2022 के विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी। उत्तराखंड राज्य बनने के बाद पहली महिलाओं के साथ ज्यादती हुई है। नंदप्रयाग-घाट सड़क चौड़ीकरण की मांग को लेकर पिछले तीन माह से आंदोलन चल रहा है।

 

मुख्यमंत्री स्वयं सड़क चौड़ीकरण की घोषणा कर चुके हैं, लेकिन आज तक इस पर काम शुरू नहीं हुआ। जनता के पास आंदोलन के सिवाय कोई दूसरा विकल्प नहीं है। सरकार आंदोलन को कुचलने का प्रयास कर रही है। इस मौके पर उक्रांद के केंद्रीय उपाध्यक्ष अवतार राणा, केंद्रीय सचिव गजपाल रावत, महामंत्री भगत चौहान, उपाध्यक्ष जितार जगवाण, अशोक चौधरी, उत्तम सिन्धवाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे। वहीं दूसरी ओर किसान सभा ने भी गैरसैंण की घटना को निंदाजनक बताया। किसान सभा के प्रदेश महामंत्री गंगाधर नौटियाल ने कहा कि नन्दप्रयाग-घाट मोटरमार्ग के चौड़ीकरण की मांग को लेकर स्थानीय जनता लंबे समय से आंदोलन कर रही है और यह मोटरमार्ग पर्यटन की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण भी है।

 

बेदनीबुग्याल व नंदा देवी का इस क्षेत्र से सीधा संबंध होने के साथ ही विकासखण्ड, विकासनगर-घाट के सभी गांव व पिण्डर घाटी के नारायणबगड़, थराली व देवाल, विकासखण्डों से भी इस मार्ग से सीधा संपर्क है। 19 किमी इस महत्वपूर्ण मोटरमार्ग का चौड़ीकरण का कार्य सरकार नहीं कर पा रही है। विधानसभा सत्र के दौरान गैरसैंण में अपनी बात रखने के लिए जा रही जनता की बातों को सुनने के वजाय दिवालीखाल में पुलिस फोर्स ने रोककर लाठी चार्ज जैसे अमानवीय कृत्य कर अलोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज को दबाने का कृत्य किया। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि मोटरमार्ग के चौड़ीकरण की स्वीकृति देने के साथ ही सरकार ने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के विरूद्ध कार्यवाही नहीं की तो किसान सभा राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ने को मजबूर हो जायेगा।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top