उत्तराखंड

समाज के बेहतर निर्माण में पत्रकारिता जगत की अहम भूमिका: बहुगुणा..

समाज के बेहतर निर्माण में पत्रकारिता जगत की अहम भूमिका: बहुगुणा..

मुख्यालय में आयोजित किया गया देवभूमि रत्न सम्मान समोराह..

डीएम के साथ ही अन्य लोगों को किया गया सम्मानित..

 

 

 

 

 

 

 

 

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड पत्रकार यूनियन जनपद इकाई की ओर से देवभूमि रत्न सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के पशुपालन, दुग्ध विकास, मत्स्य पालन, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, सेवायोजन मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग कर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित जिला स्तरीय अधिकारियों व अन्य क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले स्थानीय लोगों को देवभूमि रत्न सम्मान से सम्मानित किया।

बुधवार को नगर पालिका काॅम्पलेक्स के अलकनंदा वैडिंग प्वाइंट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने कहा कि पूर्व से ही समाज के बेहतर निर्माण में पत्रकारिता जगत की अहम भूमिका रही है। श्री केदारनाथ धाम की ऐतिहासिक यात्रा के सफल संचालन को लेकर मंत्री ने डीएम मयूर दीक्षित की सराहना करते हुए कहा कि जिलाधिकारी ने ऐसे समय में जनपद का नेतृत्व किया, जब वो यहां की परिस्थितियों से अधिक वाकिफ नहीं थे। इसके बावजूद उन्होंने कुशल प्रबंधन का परिचय देते हुए ऐतिहासिक यात्रा का सफल संपादन किया। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए डीएम द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी उन्होंने प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि उन्हें जनपद का प्रभारी मंत्री बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें कैबिनेट में पशुपालन, सेवायोजन जैसे महत्वपूर्ण दायित्व मिले हैं। ऐसे में जनपद व राज्य के विकास में उनके स्तर से निरंतर हरसंभव कोशिश की जा रही है। कहा कि विकास के लिए हर क्षेत्र के लोगों का योगदान आवश्यक है। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाला दशक उत्तराखंड का दशक होगा।

पत्रकार यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी ने जनपद प्रभारी मंत्री को पत्रकारों की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि राज्य गठन व जन सरोकारों से जुड़े अन्य आंदोलनों में पत्रकारों की बड़ी भूमिका रही है। इसके अलावा पत्रकारिता के क्षेत्र में पूर्व से ही बड़ी चुनौतियां रही हैं। उन्होंने राज्य गठन के पूर्व से पत्रकारिता कर रहे पत्रकारों को स्थायी मान्यता देने के साथ ही उन्हें चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए जाने के लिए स्वास्थ्य कैशलेस कार्ड देने की मांग की। वहीं उत्तराखंड पत्रकार यूनियन के प्रदेश महामंत्री हरीश जोशी ने भी पत्रकारों से जुड़ी समस्याओं को लेकर मंत्री को अवगत कराया। कार्यक्रम को रुद्रप्रययाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने सभी संबोधित किया।

इससे पूर्व जनपद प्रभारी मंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के शुभारम्भ अवसर पर रुद्रप्रयाग मांगल समिति की महिलाओं ने दैणा होंयां खोली का गणेश मांगल गीत गाकर अतिथियों का स्वागत किया। पत्रकार विनय बहुगुणा ने प्रभारी मंत्री के सम्मान में अभिनंदन पत्र पढ़ा। इसके अलावा अन्य पत्रकारों ने मंत्री को अंग वस्त्र, केदारनाथ मंदिर का स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने अपनी समस्याओं को लेकर मंत्री को ज्ञापन भी सौंपा।

कार्यक्रम का संचालन पत्रकार सुनीत चौधरीने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, जिलाध्यक्ष भाजपा महावीर सिंह पंवार, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल, अगस्त्यमुनि नगर पंचायत अध्यक्ष अरुणा बेंजवाल, कनिष्ठ प्रमुख शशि नेगी, पत्रकार रमेश पहाड़ी, कैलाश खंडूडी, हरीश गुंसाई, पुलिस अधीक्षक विशाखा अशोक भदाणे, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, उप जिलाधिकारी सदर अपर्णा ढौंडियाल, पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डाॅ राजीव सिंह पाल, वरिष्ठ फिजिशियन डाॅ संजय तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, जिला उद्यान अधिकारी योगेंद्र सिंह चौधरी सहित अन्य अधिकारी व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

इन्हें मिला देवभूमि रत्न सम्मान..

डीएम मयूर दीक्षित, नंदन सिंह रजवार, आपदा प्रबंधन अधिकारी, वरिष्ठ फिजिशियन डाॅ संजय तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डाॅ राजीव सिंह पाल, उद्यान अधिकारी योंगेन्द्र सिंह चौधरी, वैयक्तिक सहायक (जिलाधिकारी) ओमप्रकाश बिष्ट के अलावा स्वास्थ्य कर्मी नरेंद्र सिंह नेगी, प्रकाश सेमवाल, वाहन चालक हीरा सिंह कंडारी, अरविंद पंवार, बाल वैज्ञानिक शिवम काला, वीनस चौधरी, मेधावी छात्र नितिन बिष्ट, प्रगतिशील कृषक राकेश बिष्ट व धर्म सिंह राणा को कार्यक्रम में देवभूमि रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया।

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top