शासन ने एडीएम अरविंद पांडेय को पद से हटाया..
उत्तराखंड: सिविल सेवा के अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय को देहरादून के अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के पद से उत्तराखंड शासन ने हटा दिया है। उनको नई तैनाती होने तक बाध्य प्रतीक्षा में रखा गया है। उनके खिलाफ विजिलेंस जांच भी करवाई जा रही हैं। उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने पांडेय के खिलाफ अपर मुख्य सचिव को विजिलेंस की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं।
अभी तक पांडेय को काफी प्रतिष्ठित अधिकारी में माना जा रहा था। उनका एक बार देहरादून से तबादला भी हुआ था, लेकिन अपने प्रभाव से उन्होंने इसे रुकवा लिया था। वही अब पिछले काफी समय से उनकी कार्यप्रणाली को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय और शासन को शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। लगातार शिकायतें मिलने पर मुख्यमंत्री कार्यालय भी इन्हें अनदेखा नहीं कर सका। मुख्यमंत्री तक भी पांडेय के बारे में शिकायतें पहुंचीं हैं।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए कार्मिक एवं सतर्कता विभाग को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने पांडेय को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के पद से हटाने के आदेश जारी कर दिए। पांडेय को बाध्य प्रतीक्षा में रखा गया है और उन्हें तत्काल अपने पद से कार्यमुक्त होने के निर्देश दिए गए हैं। जब तक उन्हें नई तैनाती नहीं मिल जाती है तब तक उनका वेतन सचिवालय स्थित वेतन लेखा से जारी होगा।