उत्तराखंड

मैं भगवान रुद्रनाथ का आशीर्वाद लेकर आया हूँ: शाह..

केन्द्रीय गृहमंत्री ने किया रुद्रप्रयाग का दौरा, रुद्रनाथ मंदिर पहुंचकर की पूजा-अर्चना..

पूर्व सीएम हरीश रावत पर साधा निशाना, कहा इनकी सरकार में हुए हैं घोटाले..

सैनिक स्कूलों के दरवाजे लड़कियों के लिए मोदी सरकार ने खोले: शाह..

व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों से डोर-टू-डोर जाकर मांगे भाजपा के पक्ष में वोट..

 

 

 

 

रुद्रप्रयाग। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि भगवान रुद्रनाथ का आशीर्वाद लेकर आया हूँ। रुद्रप्रयाग की धरती वीरों की जन्म भूमि है, जहां के युवा नौजवान देश की सेवा में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमने जो भी वायदे जनता के साथ किये, उनको पूरा किया। उन्होंने जनता से भाजपा के पक्ष में वोट देने की अपील की। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर भी निशाना साधा।

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार को ठीक साढ़े ग्यारह बजे जिला मुख्यालय स्थित गुलाराबय मैदान में पहुंचे। यहां से वे कार के जरिये रुद्रप्रयाग-जवाड़ी बाईपास होकर अकलनंदा व मंदाकिनी के संगम स्थल पर स्थित रुद्रनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान रुद्रनाथ का आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे मुख्य बाजार में आये। यहां केन्द्रीय गृहमंत्री ने डोर-टू-डोर स्थानीय व्यापारियों के साथ ही लोगों से मुलाकात की और भाजपा की उपलब्धियों के पर्चे भी भी बांटे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय व्यापारी विवेक बंसल और उनकी धर्मपत्नी की ओर से दी गई भगवान केदारनाथ के स्मृति चिन्ह व पहाड़ी टोपी को स्वीकार किया और पहाड़ी टोपी पहनकर लोगों से मुलाकात की।

 

पहाड़ी टोपी पहनने के बाद केन्द्रीय गृहमंत्री अलग ही अंदाज में नजर आये। उन्होंने बाजार में मौजूद छोटे-छोटे बच्चों से हाथ भी मिलाया व हर दुकानदार के पास जाकर भाजपा के पक्ष में वोट की अपील की। इसके बाद केन्द्रीय गृहमंत्री गुलाबराय स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां पहुंचने पर उन्होंने पूर्व सैनिकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही छः जगहों पर वर्चुअल माध्यम से गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व सैनिकों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि वे बाबा रुद्रनाथ का आशीर्वाद लेकर आए हैं। देश की सुरक्षा में उत्तराखंड का युवा तैनात है। देश की सुरक्षा में सबसे बड़ा बलिदान देवभूमि का रहा है। देवभूमि उत्तराखण्ड की जनता सीडीएस विपिन रावत के योगदान को हमेशा याद करती रहेगी। 1734 शहीद परिवारों के घरों से मिट्टी लेकर सैन्य धाम बनाया जा रहा है। 50वें दशक से अब तक के घोषणा पत्र में हमेशा सैनिकों का ध्यान रखा गया।

 

वन रैंक वन पेंशन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुरू किया। उन्होंने स्वास्थ्य के क्षेत्र में भाजपा सरकार के कामों को गिनाया। कहा कि गरीब के घर में सिलेंडर पहुंचाने का काम मोदी सरकार ने किया। 9 लाख किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार देने का काम हुआ है। युवा मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में अगले पांच साल तक पारदर्शी सरकार देने का वादा करते हैं। यहां पर कांग्रेस और भाजपा में ही मुकाबला है। उन्होंने पूर्व सैनिकों से भाजपा के पक्ष में वोट देने की की अपील की। पूर्व सैनिकों के साथ संवाद सामाप्त होने के बाद गृहमंत्री ने स्वयं महिला सहायता समूह की महिलाओं के साथ संवाद किया। वे रुद्रप्रयाग, श्रीनगर, कर्णप्रयाग, बद्रीनाथ, थराली और केदारनाथ विधानसभाओं से वर्चुअली जुड़े रहे। संवाद में उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार घपले और घोटालों की सरकार रही है।

 

देश के पूर्व प्रधामंत्री अटल बिहारी बाजपेयी ने उत्तराखण्ड राज्य बनाया और अब मोदी जी संवार रहे हैं। मैं उत्तराखंड की मातृ शक्ति को प्रणाम करता हूं। भाजपा ने मातृ शक्ति के लिए काम किया है। नरेंद्र मोदी सरकार को मातृशक्ति की चिंता है। स्कूलों में बालिकाओं के लिए शौचालय, बैंक में एकाउंट खोला गया। गरीब के घरों में शौचालय बनाए गए। देश में आठ करोड़ शौचालय बनाए गए, जबकि कांग्रेस ने सिर्फ गरीबी हटाओ का नारा दिया। 14 करोड़ गरीब माताओं को गैस सिलेंडर दिए जा चुके हैं। मोदी सरकार ने 7 करोड़ गरीब लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। इन सब योजनाओं का दलितों को फायदा मिला। मुद्रा योजना में 50 प्रतिशत लोन दलितों को दिया गया।

 

सैनिक स्कूलों के दरवाजे लड़कियों के लिए मोदी सरकार ने खोले। मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक से मुक्ति दिलाई। उत्तराखंड में भाजपा ने विकास किया। केदारनाथ पुनर्निर्माण, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन, टनकपुर-बागेश्वर रेल योजना, केदारनाथ व हेमकुंड रोपवे परियोजना का काम हुआ। मातृशक्ति से संवाद के दौरान गृहमंत्री पूर्व सीएम हरीश रावत पर फिर से बरसे और कहा कि कांग्रेस के 70 साल पर मोदी सरकार के सात साल भारी पड़ गये हैं। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से भाजपा का कार्यकर्ता खुली बहस के लिए तैयार है। मैं किसी भी कार्यकर्ता को भेज दूंगा। उन्होंने कहा कि देश के युवा शरहदों पर तैनात हैं। यह मातृ शक्ति का आशीर्वाद है, जो युवाओं को शरहदों पर तैनात रहने की शक्ति देता है।

 

कहा कि 130 करोड़ जनता को कोविड टीकाकरण लग रहा है। कोरोना काल में अनाथ हुए बच्चों को पढ़ाने का काम नरेन्द्र मोदी सरकार कर रही है। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि राज्य सरकार ने कई ऐतिहासिक कार्य किये हैं, जिनका लाभ गरीब वर्ग को मिल रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2025 तक उत्तराखण्ड को संवारने का लक्ष्य रखा है। केदारनाथ से पीएम को विशेष लगाव है। देश के पीएम उत्तराखण्ड का नेतृृत्व कर रहे हैं। चारधामों में महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं प्रसाद बनाने का कार्य कर रही हैं। इससे उन्हें रोजगार मिल रहा है। केन्द्रीय गृहमंत्री के रुद्रप्रयाग जनपद आगमन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। इस बार उत्तराखण्ड में पुनः भाजपा सरकार बनाने जा रही है।

 

गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 57 सीटें मिली थी और इस बार 60 के पार का लक्ष्य रखा गया है। यह संकल्प भाजपा पूरा करेगी और पुनः भाजपा की सरकार प्रदेश में बनेगी। भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल ने कहा कि भाजपा ने सदैव पूर्व सैनिकों को मान-सम्मान दिया है। इतना सम्मान किसी भी पार्टी ने नहीं दिया है। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री विक्रम कंडारी ने किया।

 

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, विधायक भरत सिंह चौधरी , जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल, पूर्व विधायक शैलारानी रावत, शैलेन्द्र बिष्ट, विनोद सुयाल, रघुवीर बिष्ट, अजय सेमवाल, सेवानिवृत्त कैप्टन शीशपाल सिंह बिष्ट, सुरेन्द्र सिंह रावत, अनूप सेमवाल सहित कई मौजूद थे।

 

कोरोना गाइड लाइन की उड़ाई धज्जियां..

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के जनपद आगमन पर जिला मुख्यालय में आयोजित डोर-टू-डोर कार्यक्रम में कोरोना गाइड लाइन की धज्जियां उड़ाई गई। गृहमंत्री बिना मास्क लगाये ही स्थानीय व्यापारियों एवं जनता से मिले। इस दौरान उन्हें उनके कार्यकर्ताओं एवं सुरक्षा गार्ड ने घेरे रखा। काफी भीड़भाड़ होने के बावजूद भी लोगों को नहीं हटाया गया। कोरोना महामारी के कारण जहां लोग पहले ही परेशान हैं, वहीं केन्द्रीय गृहमंत्री के कार्यक्रम में कोरोना के प्रति लोगों में कोई भी जागरूकता नहीं देखी गई।

पूर्व सीएम रावत पर जमकर बरसे शाह..

 

वर्चुअली जन संवाद कार्यक्रम के दौरान केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि हरीश रावत की सरकार भ्रष्टाचार की सरकार थी। रावत ने आखिरकार अपनी विधानसभा सीट सेट कर दी है। उन्हें रामनगर से हारने का डर सता रहा था। मैं हरीश रावत से पूछता हूं कि उनके नेतृत्व में इंफ्रास्ट्रक्चर के क्या काम हुए। हरीश रावत ने अपनी सरकार में क्या काम किया, वो जनता को बताएं। उन्होंने कहा कि हरीश रावत सरकार में स्टिंग आपरेशन और घोटाले हुए हैं। जनता कांग्रेस को प्रदेश से उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है।

 

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top