उत्तराखंड

उत्तराखंड में आज चुनावी अभियान का आगाज करेंगे अमित शाह..

उत्तराखंड में आज चुनावी अभियान का आगाज करेंगे अमित शाह..

संगठन की लेंगे बैठक, चुनावी तैयारी की टटोलेंगे नब्ज..

 

 

 

उत्तराखंड: केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री व भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शनिवार को उत्तराखंड में पार्टी के चुनाव अभियान का आगाज करेंगे। वह देहरादून के रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल के मैदान में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा ने जनसभा की तैयारी पूरी कर ली है। अमित शाह राज्य सरकार की घसियारी कल्याण योजना का भी शुभारंभ करेंगे।

 

शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसभा स्थल का औचक निरीक्षण किया और जिलाधिकारी से व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं कोविड प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए की जाएं।

 

पार्टी के प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार कहना हैं कि अमित शाह शनिवार को देहरादून पहुंचकर सबसे पहले घसियारी कल्याण योजना व सहकारिता विभाग से जुड़ीं कुछ अन्य योजनाओं का शुभारंभ करेंगे और इसके बाद उनकी एक भव्य जनसभा होगी। जनसभा में बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे।

 

 

जनसभा संबोधित करने के बाद अमित शाह आईआरटीडी ऑडिटोरियम में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की एक बैठक लेंगे। बैठक में वह चुनावी तैयारी की नब्ज टटोलेंगे। साथ ही विधानसभा चुनाव में जुटने का आह्वान करेंगे। इस दौरान वह पार्टी पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश भी देंगे। भाजपा के भीतर दलबदल की चर्चाओं के बीच शाह के इस दौरे के कई सियासी मायने तलाशे जा रहे हैं।

कोर कमेटी की बैठक भी लेंगे शाह..

प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक करने के बाद शाह प्रदेश पार्टी कार्यालय में पार्टी की कोर कमेटी से रूबरू होंगे। इस बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, पार्टी के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम समेत पार्टी कोर कमेटी के सदस्य शामिल होंगे। इस बैठक में शाह पार्टी की चुनावी दिशा को स्पष्ट करेंगे। साथ ही चुनाव में भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने के लिए टिप्स भी देंगे।

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का यह दौरा भाजपा के चुनाव अभियान को मजबूती देगा। उनके मार्ग दर्शन से पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह का संचार होगा। पार्टी ने उनके कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

 

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top