दो सगे भाइयों की कार हादसे में दर्दनाक मौत..
उत्तराखंड: दोस्त की शादी से लौट रहे दो सगे भाई दर्दनाक हादसे का शिकार होकर काल के गाल में समा गए। हादसे में घर के दो जवान बेटाें की मौत से परिजन सदमे में हैं। इलाके में शोक का माहौल है। हादसा हरबर्टपुर चौक पर हुआ। जहां उनकी कार डंपर से टकरा गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गंगेश (32) व रोहित (30) वार्ड नंबर 2 आदर्श विहार के निवासी थे।
दोनों भाई प्राइवेट जॉब करते थे। बीते रविवार को विकासनगर में अपने किसी दोस्त की शादी समारोह में शामिल होने के बाद देर रात कार से घर लौट रहे थे। हरबर्टपुर चौक पर उनकी कार डंपर से टकरा गई। पुलिस ने घायलों को लेहमन अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों के पिता गणेश जुगरान बीएसएनएल के रिटायर्ड कर्मचारी हैं। दोनों भाइयों की मौत से घर में मातम छा गया है। मां सरोज देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने शवाें का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसा रात करीब साढ़े 12 बजे हुआ। हादसे के दौरान डंपर छोड़कर भागे चालक की पुलिस तलाश कर रही है।