उत्तराखंड

ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, मैदानी इलाको में बड़ी ठंड..

ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, मैदानी इलाको में बड़ी ठंड..

उत्तराखंड : राज्य में मौसम ने करवट बदल ली है। राज्य की कई ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है। राजधानी देहरादून में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। हल्का कोहरा भी लगा हुआ है। इस कारण ठंड में इजाफा हो गया है। कड़ाके की ठंड का असर बाजार पर भी नजर आ रहा है। केदारनाथ, गंगोत्री-यमुनोत्री, हर्षिल घाटी, जानकीचट्टी, ओसला गंगाड, सांकरी समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है।

 

 

 

दून समेत आसपास के इलाकों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सुबह हल्की धूप खिलने के बाद दोपहर से बादल छाने लगे और सर्द हवाएं चलने से ठिठुरन बढ़ गई है। इससे पहले यहां के न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। बर्फीली हवा ने पहाड़ों में ठिठुरन बढ़ा दी है। कुमाऊं के अल्मोड़ा और मुक्तेश्वर प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंड रही। दोनों शहरों में न्यूनतम तापमान क्रमश: 1.6 और 1.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पहाड़ों में बदलते मौसम का असर मैदानों में भी महसूस किया जा रहा है। मैदानों में भी पारे ने गोता लगाया है। ऊधमसिंहनगर में पारा 3.9 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं हरिद्वार में यह 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इतना ही नहीं देहरादून और मसूरी में भी पारा सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। विशेषकर उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून, टिहरी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना है।

ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश..

रविवार की शाम को उत्तरकाशी जिला मुख्यालय सहित तहसील मुख्यालयों में मौसम बदला और आसमान में बादल छाए, जबकि गोमुख सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हुई। मौसम में आए बदलाव के कारण तापमान में भी गिरावट आई है। यहां अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top