उत्तराखंड

मदन कौशिक दिल्ली आएं, हम दिखाएंगे काम- मनीष सिसोदिया..

मदन कौशिक दिल्ली आएं, हम दिखाएंगे काम- मनीष सिसोदिया..

उत्तराखंड: अगर मदन कौशिक की दिल्ली आने की इच्छा है तो वह खुशी से आएं, हम वहां उन्हें अपने काम दिखाएंगे। मैं खुद उन्हें वहां के सरकारी स्कूल दिखाऊंगा, जहां के बच्चे आइआइटी में चयनित हुए हैं। ये बातें दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सोमवार को आइआरडीटी सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहीं।

 

सिसोदिया ने कहा कि मदन कौशिक दिल्ली आएं तो हम उन्हें केजरीवाल मॉडल से रूबरू कराएंगे। वहां के अस्पताल दिखाएंगे, जहां मुफ्त इलाज मिल रहा है। उन्होंने भाजपा को जोड़तोड़ वाली पार्टी बताते हुए कहा कि भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर रही है। इसे जनता समझ चुकी है और जल्द ही भाजपा को इसका जवाब भी देगी। उन्होंने कहा कि आज भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कह रहे हैं कि कांग्रेस के आधे से ज्यादा विधायक उनके संपर्क में हैं।

 

इससे पता चलता है कि जनता को कैसे ये राजनीतिक पार्टियां बरगला रही हैं। जनता कांग्रेस को वोट देती है, लेकिन भाजपा जोड़तोड़ से सरकार बना लेती है। यह भारतीय राजनीति के लिए घातक है। इस दौरान आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया, प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर, प्रदेश उपाध्यक्ष रजिया बेग, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित एस. रावत समेत अन्य मौजूद रहे।

सिसोदिया ने एक सवाल के जवाब में कहा कि आप उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पद के लिए स्थानीय चेहरा ही लेकर आएगी। मुख्यमंत्री के चेहरे से उत्तराखंड की जनता प्रभावित होगी। समय आने पर चेहरे को सार्वजनिक किया जाएगा।

मनीष सिसोदिया ने भाजपा और कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दोनों ने स्टिंग पर सेटिंग कर ली है कि तुम हमारे स्टिंग पर कुछ मत बोलो, हम तुम्हारे स्टिंग पर कुछ नहीं बोलेंगे। उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए यह भी कहा कि इस सरकार में मुख्यमंत्री भले ही भाजपा का है, मगर मंत्री कांग्रेस के हैं। इसीलिए विकास की गाड़ी आगे नहीं बढ़ पा रही।

2022 की तैयारी करें कार्यकर्त्‍ता..

दिल्ली लौटने से पहले मनीष सिसोदिया ने पार्टी के कार्यकत्र्ताओं से 2022 के चुनाव की तैयारी करने को कहा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में 2022 में होने वाला विधानसभा चुनाव भाजपा बनाम आप होगा। कहा कि भाजपा के भ्रष्टाचार से दुखी प्रदेशवासी आप के दिल्ली मॉडल को देखकर पार्टी को स्नेह दे रहे हैं। आप प्रदेश में सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top