उत्तराखंड

आप पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष चमोला ने धारण किया कांग्रेस का पटका..

आप पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष चमोला ने धारण किया कांग्रेस का पटका..

कांग्रेस प्रत्याशी ने गिनाई अपनी उपलब्धियां, भाजपा पर लगाये गंभीर आरोप..

 

 

 

अगस्त्यमुनि। केदारनाथ विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी ने भाजपा और आप पार्टी को करारा झटका दिया है। यहां वरिष्ठ नेताओं के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस में विश्वास जताते हुए सदस्यता ली। कांग्रेस प्रत्याशी ने पार्टी में शामिल हुए लोगों का फूल मालाओं के साथ ही पार्टी का पटका पहनाया कर जोरदार स्वागत किया। ऐसे में भाजपा और आप पार्टी को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है।

बता दें कि विधानसभा चुनाव को लेकर एक पार्टी से दूसरे पार्टी में शामिल होने का सिलसिला लगातार जारी है। जिन कार्यकर्ताओं की अपनी पार्टी में नहीं बन रही है वे सीधे दूसरी पार्टी का दामन थामने के लिए आतुर हैं और वैसे भी इस समय चुनाव का दौर है, जिस कारण इन लोगों की पूछ भी ज्यादा हो रही है। जिसका ये फायदा उठा रहे हैं। केदारनाथ विधानसभा में कांग्रेस को बड़ी सफलता मिली है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विजय चमोला के साथ ही बीस से अधिक कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थामने के साथ ही भाजपा के दो दर्जन कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ली। ऐसे में आप और भाजपा को कांग्रेस प्रत्याशी ने भारी नुकसान पहुंचाया है।

 

कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ईश्वर सिंह बिष्ट एवं केदारनाथ विधायक प्रत्याशी मनोज रावत ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर माल्यार्पण करते हुए पार्टी के संविधान के प्रति आस्था जताने की शपथ दिलवाई। इस अवसर पर कांग्रेस प्रत्याशी मनोज रावत ने पत्रकार वार्ता कर विरोधियों द्वारा उन पर लगाये जा रहे विभिन्न आरोपों का खंडन करते हुए अपनी सफाई दी।

 

कहा कि उनका शराब नहीं शिक्षा वाला नारा कई विपक्षियों को रास नही आ रहा है। ऐसे में वे उनके खिलाफ अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। केदारनाथ विधायक मनोज रावत ने विगत पांच वर्षों में खर्च हुई विधायक निधि का हिसाब देते हुए कहा कि विपक्षी दल भ्रामक प्रचार कर रहे हैं कि मनोज रावत अपनी विधायक निधि खर्च नहीं कर पाये। कहा कि उन्हें विगत पांच वर्षों में विधायक निधि में कुल 18 करोड़ 32 लाख रूपये आवंटित हुए थे।

 

जिसमें से वे 18 करोड़ 21 लाख रूपए खर्च कर चुके हैं। स्वास्थ्य पर एक करोड़ 60 लाख, शिक्षा पर 2 करोड़ 20 लाख, ग्राम पुस्तकालय पर एक करोड़ 74 लाख, ममंद एवं युमंद को प्रोत्साहन के लिए 90 लाख, शहीद स्मारकों के लिए 66 लाख, खड़िंजा, सीसी मार्ग, पुलिया आदि पर 3 करोड़ 37 लाख, चैक निर्माण, मिलन केन्द्र आदि पर 3 करोड़ 23 लाख, बारातघर, मंच निर्माण, प्रतीक्षालय आदि पर 2 करोड़ 40 लाख, खेल मैदान निर्माण, समतलीकरण आदि पर 78 लाख, मन्दिर सौदर्यीकरण, शोभास्थली आदि पर एक करोड़ 57 लाख खर्च किए गये हैं।

मनोज रावत ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में उन्होंने न केवल सदन से बाहर, बल्कि सदन में भी सरकार की जनविरोधी नीतियों का पुरजोर विरोध किया। इस बात की गवाही विधानसभा की कार्यवाही दे रही है। यही नहीं जो विपक्षी नेता कह रहे हैं कि मनोज रावत ने कोई विकास नहीं किया है, उन्हीं के गांव व स्कूल में उन्होंने विधायक निधि से कार्य कराये हैं। कहा कि उन्हें क्षेत्र में मिल रहे अपार जन समर्थन से विपक्षी बौखला गये हैं।

 

ऐसे में उनके खिलाफ अनर्गल आरोप लगाये जा रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया में उनके खिलाफ किए जा रहे भ्रामक सूचनाओं पर सख्त होते हुए चेतावनी दी कि यदि इन्हें रोका नहीं गया तो वे अपराधिक मामला लगाते हुए ऐसों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा ठोक देंगे। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ईश्वर बिष्ट, जिला प्रवक्ता नरेन्द्र बिष्ट, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरीश गुसाईं, जिपंस कुलदीप कण्डारी, गणेश तिवारी, ताजबर खत्री, पूर्व जिपंस दीपा देवी, देवेश्वरी देवी, रजनी रावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

ये लोग हुए कांग्रेस पार्टी में शामिल

केदारनाथ विधान सभा के केन्द्र भीरी में हुए कार्यक्रम में चार दर्जन से अधिक विभिन्न दलों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस विधायक के पक्ष में समर्थन देते हुए कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। जिसमें आप के प्रदेश उपाध्यक्ष विजय चमोला, जिला सचिव सुमित गुसाईं, जिला उपाध्यक्ष मुकुल मैठाणी, युथ उपाध्यक्ष सतीश गोस्वामी, सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष कारेन्द्र सहित 20 से अधिक कार्यकर्ता तथा भाजपा के विनोद कपरवाण, अनुसूया राणा, महावीर कपरवाण, वीरपाल सिंह आदि के साथ 24 कार्यकर्ताओं ने हाथ का दामन थामा।

सरकार ने विकास कार्यो में विघ्न डालने का किया काम..

केदारनाथ विधायक एवं प्रत्याशी मनोज रावत ने कहा कि राज्य सरकार ने उनके कार्य में विघ्न डालने का कार्य किया। वे स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर कार्य करना चाहते थे, मगर सरकार ने ऐसा नहीं करने नहीं दिया। दून मेडिकल की मदद से विधानसभा के स्वास्थ्य केन्द्रों में उपकरण लगाये जाने थे, मगर अंतिम समय में सरकार ने रोक लगाई। यहां तक कि विधायक निधि की योजनाओं को लटाकाया गया। ऐसा माहौल पहली बार देखा गया है।

 

उन्होंने कहा कि विधानसभा की हर ग्राम सभा में शिक्षा पर काम किया गया है। ग्राम स्तर पर पुस्तकालय खोले गये हैं, जिससे युवा और बच्चे अपना भविष्य सुनहरा कर सकें। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुछ नेता पीएम मोदी की तुलना केदारनाथ से कर रहे हैं। भगवान केदारनाथ और बद्रीनाथ हमारे ईष्ट देव हैं, जिनकी तुलना किसी से नहीं की जा सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर उन पर आरोप लगा रहे हैं, जो सरासर गलत हैं। इनमें कुछ विधायक के प्रत्याशी भी हैं, जिनके खिलाफ चुनाव अधिकारियों से बातचीत की गई है।

कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र से हुए प्रभावित…

आप पार्टी को छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए विजय चमोला ने कहा कि वे कांग्रेस पार्टी के उत्तराखंडी स्वाभिमान प्रतिज्ञा घोषणा पत्र से काफी प्रभावित हुए हैं। जिसमें गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने का भावनात्मक वादा करने के साथ ही घोषणा पत्र में युवा, महिला, बुजुर्ग, व्यापारी, किसान सहित सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने चुनावी घोषणा पत्र से उत्तराखण्ड की जनता का विश्वास जीत लिया है। उनके इस घोषणा पत्र से काफी खुशी मिली, जिसके बाद पार्टी के अन्य लोगों से बातचीत करने के बाद कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top