दुपहिया वाहन में पिछली सवारी को भी करना होगा हेलमेट धारण..
बिना हेलमेट वाहन संचालन करने वालों की अब खैर नहीं..
पुलिस की ओर से चलाया जा रहा है आज से सघन चेकिंग अभियान..
साइबर अपराधों के प्रति भी लोगों को किया जायेगा जागरूक..
रुद्रप्रयाग। पुलिस प्रशासन की ओर से रविवार से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। साथ साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक भी करेगी।पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान आज से शुरू किया जा रहा है। जो दुपहिया वाहन स्वामी बिना हेलमेट संचालन करेगा, उसके खिलाफ कार्यवाही की जायेगी।
साथ ही दुपहिया वाहन में पिछली सवारी को भी हेलमेट धारण करना अनिवार्य है। दोषपूर्ण नम्बर प्लेट के वाहन चलाने वालों पर कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जायेगी और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने वाले व्यक्ति का चालान काटा जायेगा। उन्होंने जो व्यक्ति बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने चलायेगा, उस पर भी कार्यवाही अमल में लाई जायेगी। उन्होंने आम जनमानस से अपील की कि स्वयं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात एवं सड़क सुरक्षा नियमों के अनुरूप ही अपने वाहनों का संचालन करें।
वहीं दूसरी ओर उन्होंने बताया कि लोगों को साइबर अपराध की भी जानकारी दी जायेगी। उन्होंने बताया कि वित्तीय साइबर हेल्पलाइन नबंर 155260 को बदलकर अब 1930 कर दिया गया है। गृह, मंत्रालय भारत सरकार द्वारा पूर्व में वित्तीय साइबर शिकायतों के लिए 155260 हेल्पलाईन नम्बर का संचालन किया जा रहा था। पूरे प्रदेश में जनता को साइबर हेल्पलाइन की मदद से वित्तीय धोखाधड़ी की सूचना देने एवं धोखाधड़ी से हुए आर्थिक नुकसान को बचाने में काफी सहायता मिली है।
अब गृह मंत्रालय ने 155260 को संशोधित करते हुए एक नया नम्बर ’1930’ संचालित किया है, जिस पर आम जनमानस वित्तीय साइबर अपराधों की शिकायत कर सकते हैं। बताया कि इस नये ’साइबर हेल्पलाईन नम्बर 1930’ का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जायेगा, जिससे समाज के हर वर्ग के व्यक्तियों को साइबर अपराध से लड़ने के लिए जागरुकता प्राप्त हो सके तथा अतिशीघ्र वित्तीय साइबर अपराधों की रिपोर्टिंग हो सके।
बताया कि ऑनलाइन सामान की खरीददारी करते हुए अधिकृत वेबसाइट से ही सामान खरीदें और किसी भी प्रकार के लोभ लुभावने अवसरों एवं फर्जी साइट व धनराशि दोगुना करने वाले अन्जान संदेशों के प्रलोभन में न आयें तथा किसी भी ऑनलाइन ट्रेडिग साइट व लॉटरी एवं ईनाम जीतने के लालच में आकर धनराशि देने तथा अपनी व्यक्तिगत जानकारी व महत्वपूर्ण डाटा शेयर करने से बचें। साइबर अपराध घटित हो जाने पर तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन से सम्पर्क करें या साइबर हेल्पलाईन नम्बर पर कॉल करें।