उत्तराखंड

रुद्रप्रयाग नगर क्षेत्र में किया जा रहा अवैध निर्माण कार्य..

मुख्य बस स्टेंड में हो रहा अवैध कार्य, पालिका बेखबर..

व्यापारियों ने जताया रोष, शौचालय की जगह बनाई जाय पानी की टंकी..

रुद्रप्रयाग: नगर क्षेत्र रुद्रप्रयाग के मुख्य बस स्टेंड में अवैध तरीके से निर्माण कार्य चल रहा है और नगर पालिका को इसकी कोई भनक तक नहीं है। आलम यह है कि नगर क्षेत्र में कोई भी अतिक्रमण कर देता है और पालिका तब होश में आती है, जब काम आधा हो जाता है। इससे पहले भी नगर क्षेत्र के मुख्य बस स्टेंड में अवैध तरीके से निर्माण कार्य किया गया और राजस्व विभाग को निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जानकारी मिली। इसके बाद निर्माण कार्य को तोड़ा गया।

 

दरअसल, नगर क्षेत्र में ऑल वेदर का कार्य चल रहा है। ऑल वेदर में सड़क का चैड़ीकरण हो रहा है। सड़क के चैड़ीकरण के बाद थोड़ी सी जगह बचने पर सीधे अतिक्रमण किया जा रहा है। मुख्य बस स्टेंड में पहले भी अतिक्रमण किया गया और राजस्व विभाग की ओर से अतिक्रमण हटाये जाने के बाद अब फिर से अवैध तरीके से निर्माण कार्य शुरू हो गया है। बताया जा रहा है कि कोई व्यक्ति इस स्थान पर शौचालय का निर्माण कर रहा है, मगर हैरत की बात यह है कि यह जमीन उसकी नहीं है। बल्कि एनएच के दायरे में है। शौचालय निर्माण को लेकर नगर पालिका या राजस्व विभाग या फिर एनएच को जानकारी होनी चाहिए थी, मगर किसी को भी इसकी जानकारी नहीं है।

 

नगर के बीच इस स्थान पर व्यापारी पानी की टंकी लगाने की मांग कर रहे हैं, जिससे राह चलते लोगों को पानी मिल जाता और उनकी समस्या का समाधान हो जाता, मगर ऐसा नहीं किया जा रहा है। इस स्थान पर जबर्दस्ती शौचालय का निर्माण कर गंदगी फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे अन्य व्यापारी भी परेशान रहे। वैसे भी नगर के न्यू बस अड्डे पर शौचालय बनाया गया है, जिसका दो सालों से कोई उपयोग नहीं हो रहा है। अवैध निर्माण कार्य चलने से व्यापरियों में भी रोष बना हुआ है। वार्ड सभासद अंकुर खन्ना ने कहा कि अवैध निर्माण की जानकारी नगर पालिका और राजस्व विभाग को दे दी गई है, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है।

 

उन्होंने कहा कि इस स्थान पर पानी की टंकी बनाई जानी चाहिए, नाकि शौचालय बनाकर गंदगी फैलाई जाय। अगर शौचालय ही बनना है तो इसके निर्माण की खबर पालिका कोई होनी चाहिए। पालिका क्षेत्र में कार्य हो रहा है और पालिका को ही इसकी कोई जानकारी नहीं है। वहीं नगर पालिका की ईओ सीमा रावत ने कहा कि इस मामले में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। इधर, जिलाधिकारी ने कहा कि मामले में एसडीएम को जांच के आदेश दिए जायेंगे।

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top