करवा चौथ पर पत्नी कर रही थी पूजा की तैयारी, बंद कमरे में पति ने खत्म कर ली अपनी जिंदगी..
देश-विदेश : झांसी के थाना उल्दन क्षेत्र के गांव पलरा से एक बेहद बुरी खबर सामने आयी है। दरअसल झांसी के थाना उल्दन क्षेत्र के गांव पलरा में 4 नवंबर यानी कि करवा चौथ वाले दिन एक युवक ने पारिवारिक कलह के चलते अपनी जिंदगी खत्म कर ली। करवा चौथ के दिन युवक के परिवार वाले खेत में गए थे। घर में 25 वर्षीय सचिन के साथ उसकी पत्नी संगीता और माता मौजूद थी. दोपहर में तकरीबन 12 बजे सचिन ने घर की दूसरी मंजिल पर जाकर बंद कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सचिन की पत्नी घर के नीचे करवा चौथ की तैयारी कर रही थी। जब काफी देर तक सचिन ऊपर कमरे से नीचे उतर कर नहीं आया तो पत्नी को चिंता हुई। फिर उसने ऊपर जाकर देखा तो सचिन फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। अपने पति सचिन को यूं फांसी पर लटके देख संगीता जोर से चिल्लायी। चीख सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंच गए। परिजन भी खेत से घर पहुंच गए। वहां मौजूद लोग सचिन को फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। अस्पताल में डॉक्टर ने सचिन को मृत घोषित कर दिया। सचिन की मां पुक्खन का रो-रो कर बुरा हाल है। उनका कहना है कि बुढ़ापे का सहारा चला गया।
प्रधान सुदीप सिंह के मुताबिक सचिन के पिता ने तीन साल पहले आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद सारी जिम्मेदारी सचिन पर ही आ गई थी। वह इकलौता बेटा था। सचिन खेती के अलावा कुछ काम नहीं करता था। इस बात पर सचिन और उसकी पत्नी का अक्सर झगड़ा होता था। सचिन और संगीता का करवा चौथ वाले दिन भी झगड़ा हुआ था। इस पर सचिन ने आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी के मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस का कहना है कि पारिवारिक कारणों की वजह से उसने आत्महत्या कर ली है। सचिन का छह माह का एक बेटा भी है।