उत्तराखंड

घरेलू विवाद के चलते पति ने पत्नी को गोली मारकर खुद कर ली आत्महत्या..

घरेलू विवाद के चलते पति ने पत्नी को गोली मारकर खुद कर ली आत्महत्या..

उत्तराखंड: रुड़की में एक युवक ने अपनी पत्नी को गोली मार दी और घर से फरार हो गया। इसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। वहीं, परिजनों ने मृतक की पत्नी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने युवक के शव के पास से तमंचा और एक कारतूस बरामद किया है। साथ ही शव का पोस्टमार्टम कराया। घटना का कारण घरेलू विवाद बताया जा रहा है। पुलिस मृतक के परिजनों से पूछताछ कर रही है।

 

खानपुर थाना क्षेत्र के प्रह्लादपुर गांव निवासी मोनू पुत्र सुरेश सिंह का लक्सर क्षेत्र के बहादरपुर खादर गांव निवासी उमा से विवाह हुआ था। दोनों को एक बेटा और एक बेटी है। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर मोनू ने पत्नी पर तमंचे से फायर कर दिया, जिससे वह गंभीर घायल हो गई। इसके बाद वह घर से भाग गया। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और लहूलुहान हालत में पड़ी उमा को अस्पताल ले गए। यहां डाक्टरों ने महिला की हालत नाजुक देख उसे जिला अस्पताल हरिद्वार रेफर कर दिया।

 

वहीं, बताया जा रहा है कि पत्नी को गोली मारने के बाद मोनू गांव के पास स्थित भूमिया खेड़ा मिनी स्टेडियम पहुंचा और खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने स्टेडियम के पास शव पड़ा देखा, तो पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही परिजनों से इसकी जानकारी ली।

 

थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक के शव के पास एक 12 बोर का तमंचा और कारतूस मिला है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। मृतक की पत्नी के भाई की ओर से तहरीर दी गई है। जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। घटना के पीछे घरेलू कलह की वजह बताई जा रही है। युवक की पत्नी की हालत में सुधार होने के बाद उसके बयान भी दर्ज किए जाएंगे।

 

इस घटना से मृतक के परिजनों के साथ पूरा गांव भी हैरान है। परिजनों और ग्रामीणों को अभी तक यकीन नहीं हो रहा है कि मोनू इस तरह की घटना को अंजाम दे सकता था। वहीं, मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दोनों मासूम बच्चे घटना से अनजान हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top