बेटी की हत्या करने के बाद थाने पहुंचा पिता, बोला- मुझे पकड़ लो बेटी को मारकर आया हूं..
देश-विदेश: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में थरियांव थानाक्षेत्र के सिंहपुर के मजरे सनगांव में शनिवार सुबह सनसनीखेज वारदात हो गई। एक पिता ने लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर अपनी बेटी की हत्या कर दी और उसके बाद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। घटना की जानकारी होते ही गांव में सनसनी फैल गई।
पुलिस भी घटना की जानकारी मिलते ही आरोपी के घर पहुंची। जहां युवती का शव चारपाई पर पड़ा मिला। उसकी कनपटी पर गोली मारी गई थी। पास में ही दोनाली बंदूक पड़ी थी। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। एसआई उपदेश कुमार की ओर से आरोपी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। थरियांव के जयसिंहपुर के मजरे सनगांव निवासी चंद्रमोहन यादव कस्बे में ही हड्डी रोग का क्लीनिक चलाते हैं।
उसकी बेटी स्वाती सिंह की शादी 29 जनवरी 2020 को कानपुर सचेंडी थानाक्षेत्र के चकरपुर मंडी सिंहपुर निवासी नागेंद्र सिंह के साथ हुई थी। बुधवार को देवर के साथ स्वाती मायके आई थी। शनिवार सुबह चंद्र मोहन ने स्वाती को ससुराल जाने के लिए कहा। लेकिन बेटी ने मना कर दिया, इसी बात को लेकर बाप-बेटी के बीच विवाद हुआ। और चंद्रमोहन ने लाइसेंसी दोनाली बंदूक से बेटी की कनपटी में सटाकर गोली मार दी। जिससे मौके पर ही स्वाती की मौत हो गई। आरोपी ने पत्नी सुनीता और बेटे सौरभ को जान से मारने की धमकी दी तो वह दोनों घर से भाग निकले।
इसके बाद आरोपी ने घर में ताला बंद किया और बाइक से थरियांव थाने पहुंचा और हत्या की वारदात कबूल की। सीओ अनिल कुमार के मुताबिक आरोपी ने बताया कि उसने अपनी बेटी को चरित्रहीनता के चलते गोली मारकर हत्या की है। थरियांव के प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र नाथ राय ने बताया कि आरोपी के मुताबिक बेटी अक्सर मायके आ जाती थी। उसका गांव के एक युवक से प्रेम प्रसंग भी था। इसी बात का विरोध करने पर चंद्रमोहन ने बेटी की हत्या की है।