बद्रीनाथ धाम से होगी भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत: नेगी..
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव एवं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा करेंगे यात्रा का शुभारंभ..
7 नवंबर को माणा गांव से प्रथम चरण की यात्रा का होगा आगाज..
भाजपा का देश को खंडित करने का प्रयास होगा विफल..
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सूरज नेगी ने बताया कि देश में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा का आयोजन चल रहा है। उसी के मद्देनजर उत्तराखंड में भी पार्टी प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा एवं प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव भारत जोड़ो यात्रा का आगाज 7 नवंबर को बद्रीनाथ धाम में पूजा अर्चना के बाद माणा गांव से किया जायेगा। उन्होंने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा के प्रथम चरण में पार्टी के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव भी भाग लेने जा रहे हैं।
तय कार्यक्रम के अनुसार 7 नवंबर को प्रातः साढ़े ग्यारह बजे माणा गांव से यात्रा को प्रारंभ किया जाएगा, साढ़े बारह बजे पांडुकेश्वर, डेढ़ बजे बजे जोशीमठ, 4 बजे बजे पीपलकोटी एवं यात्रा रात्रि विश्राम के लिए गोपेश्वर पहुंचेगी। 8 नवंबर को दस बजे गोपेश्वर, साढ़े बारह बजे चमोली, दो बजे नंदप्रयाग, तीन बजे कर्णप्रयाग के अलावा चार बजे गौचर होते हुए साढ़े पांच बजे जनपद रुद्रप्रयाग मुख्य बाजार में यात्रा के प्रथम चरण का समापन होगा।
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा में पार्टी के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा द्वारा देश व प्रदेश में उठ रहे ज्वलंत मुद्दों पर जनता का ध्यान जनसंपर्क के माध्यम से आकर्षित किया जाएगा तथा भाजपा की देश को खंडित करने के षड्यंत्र का भी पर्दाफाश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा की सफलता को लेकर लगातार बैठकों का आयोजन कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदेश कांग्रेस संगठन द्वारा जारी किए गए हैं। यात्रा में पार्टी के सभी महत्वपूर्ण नेता, पार्टी पदाधिकारी गण, जिलों एवं ब्लॉक के पदाधिकारी गण के साथ ही कार्यकर्ता अपने-अपने स्तर से यात्रा की सफलता के लिए जुट गए हैं।