चंपावत में खाई में गिरी बोलेरो, 3 की मौत, 6 घायल..
उत्तराखंड: पहाड़ों में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आये दिन पहाड़ो में तेज गति बेकसूरों की जान ले रही है। शायद ही कोई ऐसा दिन बीता हो जब उत्तराखंड से सड़क हादसों की बुरी खबर सामने ना आई हो। ऐसी ही खबर चंपावत में भी सामने आयी हैं। यहां एक बोलेरो वाहन बेकाबू होकर खाई में गिर गया। हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वाहन में सवार 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा पाटी तहसील के कुलियाल गांव के चामी तोक के पास हुआ। जहां सोमवार को एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन संख्या यूके04 टीए4777 नानकमत्ता से बिनवाल गांव की ओर आ रहा था। इस दौरान वाहन बेकाबू होकर दो सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला। पीएचसी रीठा में उपचार के बाद उन्हें पाटी के अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। हादसे की वजह का पता लगाया जा रहा है।