ऊधम सिंह नगर में हुआ भीषण हादसा बाइक पर सवार पति की मौत, पत्नी घायल..
उत्तराखंड: कोरोना की बढ़ती रफ्तार के लगे कर्फ्यू के दौरान गाड़ियों के पहिए थमे हुए हैं, इसके बाद भी जगह-जगह से सड़क हादसों की खबरें सामने आ रही हैं। बीते दिन ऊधम सिंह नगर के गदरपुर से एक सड़क हादसे की खबर सामने आयी हैं। जहां पत्नी के साथ बाइक से गैस सिलेंडर भराने गए युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पत्नी घायल है। घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे में जान गंवाने वाला युवक अजय कुमार (32) पुत्र कर्म सिंह के रूप में हुई। अजय का परिवार ग्राम मोतियापुरा में रहता है।
बीते दिन अजय अपनी पत्नी आशा के साथ बाइक से बुध बाजार स्थित गैस एजेंसी गया था, पर किसे पता था वहां से लौटते वक्त पति-पत्नी का साथ हमेशा के लिए छूट जाएगा। दुर्भाग्य से ऐसा ही हुआ। गैस एजेंसी में गैस सिलेंडर न मिलने पर पति-पत्नी गांव वापस लौट रहे थे। तभी ग्राम डोंगपुरी स्थित शांति एग्रो इंडस्ट्री के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसा होते ही पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े। जिससे अजय वाहन की चपेट में आ गया था।
हादसे में घायल पति-पत्नी सड़क पर पड़े-पड़े कराह रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही अजय की मौत हो गई थी। जबकि आशा मामूली रूप से घायल हुई है। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। रुद्रपुर में पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच की जा रही है।