मदोला गांव के दर्शन नेगी ने सब्जी उत्पादन के लिए किराए पर ली है जमीन..
रुद्रप्रयाग। दृढ़ इच्छाशक्ति व कड़ी मेहनत के बूते जीवन में सब कुछ संभव है। बशर्ते मन में कुछ करने का जुनून हो। कुछ ही समय बाद परिस्थितियां अनुकूल हो जाती हैं।
हम यहां बात कर रहे हैं विकासखंड अगस्त्यमुनि के मदोला गांव के दर्शन सिंह नेगी की। जिन्होंने सब्जी उत्पादन को आजीविका का जरिया बनाया है। वह आज आस-पास के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं। दर्शन ने खेती व सब्जी उत्पादन को आजीविका का साधन चुना। कड़ी मेहनत रंग लाई तथा अब उनके खेतों में बीन, खीरा, मूली, टमाटर, लौकी, तोरई व कद्दू समेत अन्य कई जैविक सब्जियां लहलहा रही हैं। दर्शन सब्जी उत्पादन का काम किराए पर ली गई डेढ़ नाली जमीन पर कर रहे हैं। वह क्वीली, कुरझण से महिला समूहों द्वारा उत्पादित सब्जियों को बाजार तक पहुँचा रहे हैं। इसके साथ ही कोरोना वॉरियर के रूप में भी वह लोगों की मदद कर रहे हैं।
दर्शन का कहना है कि सब्जी उत्पादन में रिलायंस फाउंडेशन और जिला उद्यान विभाग का सहयोग मिल रहा है। वह अब इसी क्षेत्र में काम करेंगे और अन्य युवाओं को भी जोड़ेंगे। ज्येष्ठ प्रमुख सुभाष नेगी का कहना है कि युवाओं के पास स्वरोजगार अपनाने के कई माध्यम है। स्वरोजगार अपनाकर ही युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि दर्शन जैसे युवा ही पहाड़ में बंजर जमीन से सोना उगल सकते हैं।