कश्मीर के उड़ी सेक्टर में पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी में पिथौरागढ़ जिले के दो जवान शहीद हो गए।
एक साथ दो जांबाजों की शहादत से जिले में शोक की लहर छा गई है।
उत्तराखंड : जम्मू कश्मीर के उड़ी सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी में पिथौरागढ़ जिले के दो जवान शहीद हो गए। इस हमले में दो जवान घायल हुए हैं।
जिनमें एक पिथौरागढ़ का, जबकि एक बागेश्वर जिले का है। इस घटना की सूचना से शहीदों के घर में कोहराम मचा है। दो जवानों की शहादत से पूरे जिले में शोक की लहर छाई है।
शहीद गोकर्ण सिंह का परिवार वर्तमान में बरेली में
मिली जानकारी के अनुसार कुमांऊ रेजीमेंट में तैनात गंगोलीहाट के नाली गांव निवासी नायक शंकर सिंह और मुनस्यारी के नापड़ गांव निवासी गोकर्ण सिंह शहीद हो गए हैं।
शहीद गोकर्ण सिंह का परिवार वर्तमान में बरेली में रहता है। पिथौरागढ़ निवासी नायक प्रदीप कुमार और बागेश्वर जिला निवासी नारायण सिंह इस हमले में घायल हो गए हैं।
भारत की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के पांच सैनिक भी ढेर हो गए। दो जवानों की शहादत से पिथौरागढ़ जिले में शोक की लहर है। सोशल मीडिया के माध्यम से लोग भारत मां के दोनों जांबाजों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जवानों की शहादत को नमन किया है।