उत्तराखंड

11700 फीट की ऊंचाई पर गूंज रहे वंदे मातरम के उदघोष..

11700 फीट की ऊंचाई पर गूंज रहे वंदे मातरम के उदघोष..

केदारनाथ आने वाले यात्रियों के साथ स्थानीय लोग मना रहे आजादी का जश्न..

केदारनाथ में 15 अगस्त को बनाई जायेगी मानव श्रृंखला..

 

 

 

 

रुद्रप्रयाग। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर 11700 फीट की ऊंचाई पर स्थित बाबा केदार की नगरी भी तिरंगे में रंग गई है। इन दिनों बाबा केदार के दरबार में हर-हर महादेव और वंदे मातरम के जयकारों की गूंज सुनाई दे रही है। प्रशासन की ओर से केदारनाथ पहुंच रहे यात्रियों को तिरंगा वितरित किया जा रहा है।

इन दिनों देश भर में आजादी के अमृत महोत्सव की धूम है। इसी कड़ी में बाबा केदार की नगरी भी जुड़ गई है। केदानगरी में पहुंच रहे भक्तों को तिरंगा वितरित किया जा रहा है। भक्त भी जोश में हर-हर महादेव के साथ वंदे मातरम के जयकारे लगा रहे हैं। केदारनाथ धाम में लगभग दस हजार झंडे भेजे गये हैं। धाम पहुंच रहे हरेक भक्त को यह झंडे दिये जा रहे हैं। बाबा केदार का मंदिर रक्षाबंधन से पूर्व ही 11 टन फूलों से सज गया है और अब केदारनाथ में लहरा रहे राष्ट्रीय ध्वज केदारनाथ की सुंदरता को और अधिक बढ़ा रहे हैं। केदारनाथ पैदल मार्ग पर भी यात्रियों को तिरंगे दिये जा रहे हैं। वहीं विश्व विख्यात केदारनाथ धाम में आजादी के अमृत महोत्सव पर केदारनाथ धाम में मानव श्रृंखला बनायी जायेगी। साथ ही केदारनाथ में स्थित सभी भवनों में तिरंगा लगाया जायेगा।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सम्पूर्ण जनपद के साथ ही केदारनाथ में भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं। केदारनाथ धाम में 15 अगस्त को ध्वजा रोहण के बाद मानव श्रृंखला बनायी जायेगी। साथ ही केदारनाथ के सभी भवनों में तिरंगे लगाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि केदारनाथ में छोटे-बड़े मिलाकर दस हजार झंडे भेज दिये गये हैं। सभी यात्रियों को भी झंडे वितरित किये जा रहे हैं। साथ ही धाम पहुंचने वाले यात्रियों को भी आजादी के अमृत महोत्सव में शामिल किया जायेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि विभागीय अधिकारियों को आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। केदारनाथ धाम में तीर्थयात्रियों के साथ ही स्थानीय लोग आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top