उत्तराखंड

केदारनाथ से लौट रहे घोड़े-खच्चर संचालकों को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर..

केदारनाथ से लौट रहे घोड़े-खच्चर संचालकों को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर..

घटना में दो लोगों की मौत, एक गंभीर घायल,

हिट एंड रन मामले में पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज..

 

 

 

 

 

 

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चन्द्रापुरी के पास गबनी गांव में एक अज्ञात वाहन ने पैदल चल रहे तीन व्यक्तियों को टक्कर मार दी। हादसे में दो व्यक्तियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बुरी तरह घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतकों एवं घायल को सीएचसी अगस्त्यमुनि पहुंचाया। तीनों व्यक्ति केदारनाथ में घोड़ा खच्चर चलाते हैं तथा गौरीकुंड से वापस घर आ रहे थे। तीनों व्यक्ति जखोली विकासखण्ड के मुसाढुंग गांव के रहने वाले हैं।

बता दें कि रविवार रात्रि लगभग दो बजे के आस-पास पुलिस कन्ट्रोल रूम को खबर मिली कि चन्द्रापुरी के पास गबनी गांव में केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ लोग वाहन की चपेट में आ गये हैं। तत्काल टीम घटनास्थल पर पहुंची तथा एक व्यक्ति उन्हें एनएच की निर्माणदायी संस्था के स्टोर के पास गम्भीर रूप से घायल मिला। घायल व्यक्ति ने बताया कि कोई अज्ञात वाहन उसे टक्कर मारकर भाग गया है। उसके साथ दो अन्य व्यक्ति भी थे। वे कहां हैं, उसे पता नहीं है। पुलिस टीम को चन्द्रापुरी से कुछ दूरी पर दो व्यक्ति और मिले, जो दम जोड़ चुके थे। तत्काल एम्बुलेंस से घायल एवं मृतकों को सीएचसी अगस्त्यमुनि लाया गया।

जहां पर चिकित्सक ने दो व्यक्तियों को मृत घोषित कर दिया तथा गम्भीर रूप से घायल व्यक्ति को हायर सेन्टर रेफर कर दिया। मृतकों की पहचान मदन सिंह पुत्र मोहन सिंह (40 वर्ष) तथा हरवीर सिंह पुत्र पूरण सिंह (42) तथा घायल की पहचान धर्मेन्द्र सिंह पुत्र दर्शन सिंह (33) तीनों ग्राम मुसाढ़ुंग तहसील जखोली के रूप में हुई है। तीनों केदारनाथ में घोड़े खच्चर चलाते हैं तथा भारी वर्षा के कारण यात्रा में कमी आने से वापस घर आ रहे थे। मृतकों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है और घटना की जांच प्रारम्भ कर दी है।

घटना स्थल का मुआयना करने पर वहां पर चट्टान की ओर नाली में किसी गाड़ी के टायरों की रगड़ के निशान के साथ ही वाहन का व्हील कवर तथा अन्य पार्ट भी मिले हैं। जिससे पता चलता है कि वाहन कोई मैक्स या बोलेरो हो सकता है। जो सम्भवतः चन्द्रापुरी से रुद्रप्रयाग की ओर आ रहा होगा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने बताया कि बीती रात्रि को सूचना मिली कि कुछ लोग सड़क में घायल पड़े हैं। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस टीम को भेजा गया और घायलों को अगस्त्यमुनि स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। उन्होंने बताया कि घटना स्थल का मुआयना किया गया, जिसमें हिट एंड रन का मामला सामने आया है। मामले में परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top