उत्तराखंड

चोपता-तड़ाग मोटरमार्ग पर भयावह भूस्खलन, खतरे में ग्रामीण..

चोपता-तड़ाग मोटरमार्ग पर भयावह भूस्खलन, खतरे में ग्रामीण..

भूस्खलन के कारण मोटरमार्ग का तीस मीटर हिस्सा ध्वस्त..

जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया क्षेत्र का निरीक्षण..

प्रभावितों को हरसंभव मदद का दिलाया भरोसा..

रुद्रप्रयाग : पहाड़ों में बारिश और भूस्खलन का दौर जारी है। धीरे-धीरे पहाड़ अब बिना बारिश के ही दरकने लगे हैं। स्थिति इतनी विकराल हो रही है कि लोग डर के कारण अपने घरों को खाली करने के लिये विवश हैं। जनपद के चोपता-तड़ाग मोटरमार्ग पर भी भयावह भूस्खलन हुआ है। यहां मोटरमार्ग का लगभग तीस मीटर हिस्सा पूरी तरह से भूस्खलन की भेंट चढ़ गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष सुमंत तिवाड़ी ने क्षेत्र का निरीक्षण कर ग्रामीणों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

पहाड़ों में बारिश और बारिश के बाद भूस्खलन होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रुद्रप्रयाग में बारिश के कारण अभी भी 15 से अधिक मोटरमार्ग बंद पड़े हुये हैं, जबकि 80 पेयजल योजनाएं क्षतिग्रस्त चल रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आवाजाही बाधित होने के साथ ही पानी की आपूर्ति भी ठप है। ऐसे में ग्रामीण जनता की दिक्कतें बढ़ गई हैं। जनपद के दूरस्थ क्षेत्र चोपता-तड़ाग मोटरमार्ग पर भयावह भूस्खलन हुआ है। मोटरमार्ग पर एक साथ भारी मात्रा में भूस्खलन हो गया है। जिस कारण मोटरमार्ग का लगभग तीस मीटर हिस्सा पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है। पहाड़ी से यहां पर एक साथ कई टन मलबा गिरा है। इस भूस्खलन के कारण लोगों के घर भी खतरे की जद में आ गये हैं।

ग्राम प्रधान वृजमोहन सिंह नेगी ने बताया कि चोपता-तड़ाग मोटरमार्ग पर लगातार भूस्खलन हो रहा है। भूस्खलन के कारण ग्रामीण रात भर सो नहीं पा रहे हैं। कई आवासीय घर भी भूस्खलन के कारण खतरे की जद में आ गये हैं। वहीं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नन्दन सिंह रजवार, तहसीलदार मंजू देवी ने क्षेत्र का दौरा किया और भूस्खलन से प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी रजवार ने बताया कि जिस स्थान पर भूस्खलन हो रहा है, वहां पर प्लास्टिक पन्नी डालकर रोकथाम करने का प्रयास किया गया है। साथ ही डीडीआरएफ की टीम ग्रामीणों को जागरूक करने में लगी है।

इधर, ग्राम सभा तड़ाग में भूस्खलन की घटना के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष सुमंत तिवाड़ी ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने भूस्खलन से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें विश्वास दिलाया कि उनकी हरसंभव मदद की जाएगी। तिवाड़ी ने ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जब तक प्रशासन की ओर से भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का ट्रीटमेंट नहीं हो जाता, तब तक ग्रामीण कई सुरक्षित स्थानों पर रहें। इस दौरान उनके साथ जिला पंचायत सदस्य विनोद राणा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य योगम्बर नेगी सहित अन्य मौजूद थे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top