हल्द्वानी में फौजी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत..
उत्तराखंड: हल्द्वानी में मुखानी थाना क्षेत्र के भट्ट कॉलोनी में रहने वाले 40 साल के सुरेश सिंह एक होटल में मृत पाए गए। जानकारी के अनुसार सुरेश सिंह दानू सेना में थे, कुछ साल पहले वो रिटायर हुए थे। रिटायरमेंट के बाद उन्होंने कॉलोनी में ही दुकान का संचालन शुरू किया था। वो एक वाहन का संचालन भी करते थे। सोमवार को सुरेश के मामा नरेंद्र सिंह बागेश्वर से हल्द्वानी आए थे। उनके साथ एक और रिश्तेदार भी था। मामा और भांजे ने साथ मिलकर पार्टी करने की योजना बनाई। तीनों ने नैनीताल रोड स्थित शारदा होटल में कमरा लिया और वहीं रुक गए।
वहां पर तीनों ने शराब पीनी शुरू कर दी। रात साढ़े 12 बजे अचानक सुरेश की तबीयत खराब होने लगी। उसके मुंह से झाग आने लगा। जिसे देख सुरेश के मामा बुरी तरह घबरा गए। उन्होंने होटल स्टाफ की मदद से सुरेश सिंह को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया, लेकिन सुरेश बच नहीं सके। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पूर्व फौजी की मौत के बाद पुलिस उसके मामा और दूसरे रिश्तेदार को थाने ले आई। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला हत्या का नहीं लग रहा। सुरेश की मौत तबीयत बिगड़ने से हुई होगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।