उत्तराखंड

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव

उत्‍तराखंड में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।

देहरादून : उत्‍तराखंड में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज में कोरोना की पुष्टि हुई है। इससे पहले शनिवार को उनकी पत्नी अमृता रावत कोरोना पॉजिटिव पाई गईं थी, जिसके बाद उन्हें अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान(एम्स) में भर्ती किया गया। आपको बता दें कि शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने भी शिरकत की थी। इस बैठक में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और तमाम मंत्रियों के साथ ही मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह समेत शासन के आला अधिकारी भी उपस्थित थे। इससे पूर्व भी वह विभागीय बैठक कर चुके हैं। कई फाइलें उनके पास भी जाती हैं, जिनका वह निस्तारण भी करते हैं। अब कैबिनेट मंत्री की रिपोर्ट पॉजिटिव आने उनके संपर्क में आने वालों को भी क्वारंटाइन कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। इनमें कैबिनेट बैठक में उपस्थित मुख्यमंत्री व मंत्री समेत तमाम अधिकारी शामिल हैं।

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का आवास देहरादून में म्यूनिसिपल रोड पर है। इसका दूसरा हिस्सा सकरुलर रोड पर भी खुलता है। हाल में दिल्ली से कुछ लोग उनके यहां आए थे, जिन्हें सकरुलर रोड की तरफ खुलने वाले गेस्ट हाउस व कार्यालय में क्वारंटाइन किया गया। महाराज व उनका परिवार म्यूनिसिपल रोड की ओर तरफ वाले आवास में रहता है।

इस बीच कैबिनेट मंत्री महाराज की पत्नी एवं पूर्व मंत्री अमृता रावत की तीन दिन पहले तबीयत खराब हुई। शनिवार सुबह एक निजी लैब में उनकी कोरोना जांच कराई गई। शाम को मिली रिपोर्ट में वह कोरोना पॉजिटिव निकलीं। कैबिनेट मंत्री महाराज के ओएसडी अभिषेक शर्मा ने इसकी पुष्टि की। बताया कि स्वास्थ्य विभाग की जो भी दिशा-निर्देश होंगे, उसका पालन किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री महाराज और उनका परिवार घर पर ही क्वारंटाइन में है।

उधर, पूर्व मंत्री अमृता रावत के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक कैबिनेट मंत्री महाराज के स्वजनों ने खुद पहल कर महाराज समेत संपर्क में आए स्वजनों व स्टाफ के 41 लोगों की सूची सौंपी है। पूर्व मंत्री अमृता रावत को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री महाराज की भी कोरोना जांच होगी। डीएम डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि अन्य लोगों की कांट्रेक्ट टेसिंग की जा रही है। प्राइमरी कांटेक्ट में आए लोगों को क्वारंटाइन करने के साथ ही इनकी कोरोना जांच होगी। इसके बाद सेंकेंडरी कांटेक्ट भी क्वारंटाइन होंगे।

सतपाल महाराज के घर से लगी गली सील…

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के घर की म्यूनिसिपल रोड की गली सील की जा रही है। डीएम डॉ.आशीष श्रीवास्तव ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह भी देखा जाएगा कि महाराज के आवास में सकरुलर रोड से किसी की आवाजाही तो नहीं। यदि ऐसा पाया गया तो इसे भी सील किया जाएगा।

एम्‍स ऋषिकेश में भर्ती कोरोना पॉजिटिव एक युवक की मौत…

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती एक संक्रमित युवक की रविवार की सुबह मौत हो गई। दो माह पूर्व इस युवक को छत में करंट लगा था। जिस कारण उसे उस वक्त यहां भर्ती किया गया था। उसके एक हाथ और पैर का कुछ हिस्सा काटना पड़ा था। एम्स निदेशक के स्टाफ ऑफिसर व कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ मधुर उनियाल ने बताया कि पूर्व में इलाज के बाद मई के प्रथम सप्ताह में इस युवक को यहां से छुट्टी दे दी गई थी। 27 मई को वह स्वयं को दिखाने ओपीडी में आया था। उस रोज इसका कोविड-19 सैंपल लेने के बाद आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया गया था। 29 मई को युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। ऋषिकेश के गढ़ी श्यामपुर निवासी 18 वर्षीय युवक की रविवार की सुबह मृत्यु हो गई। मृतक के स्वजनों को सूचित कर दिया गया है।

रुद्रप्रयाग जनपद में एक और व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। यह व्यक्ति 73 वर्षीय बुजुर्ग हैं और नई दिल्ली से लगभग 15 मई को आए थे। उन्‍हें एक होटल में संस्थागत क्‍वारंटाइन किया गया था। स्वास्थ्य विभाग ने 25 मई को उनका सैंपल लिया था। जिसकी रिपोर्ट बीती रात आई। स्वास्थ्य विभाग ने बुजुर्ग व्यक्ति को आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया है, जबकि कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग में पुलिस व स्वास्थ्य विभाग जुट गया हैं। आज तक जनपद में कुल छह कोरोना पॉजिटिव हो गए है, जबकि दो की जांच देहरादून में हुई थी। इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह दोनों कोटेश्वर आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं।

दून मेडिकल कॉलेज अस्‍पताल की डॉक्‍टर कोरोना पॉजिटिव

वहीं, दून मेडिकल कालेज अस्पताल में तैनात महिला एनेस्थेटिस्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। अस्पताल के किसी स्टाफ में संक्रमण का यह पहला मामला है। यह डॉक्‍टर आइसीयू में तैनात थी। संक्रमित डॉक्‍टर को वार्ड में भर्ती किया गया है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top