संवर्णों के लिये आरक्षण लागू करना ऐसिहासिक पहल: भटट
रुद्रप्रयाग। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भटट ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार ने सवर्णों के लिये दस प्रतिशत आरक्षण लागू कर ऐतिहासिक निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री के इस निर्णय की पूरे देश में सराहना हो रही है। आज तक कोई भी इस प्रकार की पहल नहीं कर पाया है।
गढ़वाल दौरे पर आये भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भटट ने रुद्रप्रयाग में पत्रकारों से वार्ता करते हुये कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार देश में सभी वर्गों को साथ लेकर चल रही है। मोदी सरकार जनता के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर रही है, जिसका लाभ देश की जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि संवर्णों का दस प्रतिशत आरक्षण देने का प्रधानमंत्री का निर्णय सराहनीय है।
विपक्ष को भी इस निर्णय की तारीफ करनी चाहिये। उन्होंने कहा कि पूर्व में कांग्रेस ने आरक्षण पर केन्द्र सरकार को बदनाम करने की कोशिश की। आज विपक्ष के मुंह पर तमाचा लग गया है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में मोदी दोबारा केन्द्र में सरकार बनाएंगे। उत्तराखण्ड में फिर से भाजपा के पांचों सांसद बनेंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सभी कार्यकर्ता भी चुनाव की तैयारियों में जुट गये हैं।
वहीं रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने भी संवर्णों के लिये दस प्रतिशत आरक्षण लागू करने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया है। श्री चौधरी ने कहा कि मोदी देश के पहले व्यक्ति हैं, जिन्होंने यह पहल की है। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष विजय कप्रवाण, बाल संरक्षण आयोग के सदस्य वाचस्पति सेमवाल, भाजपा जिला महामंत्री अजय सेमवाल, युवा मोर्चा अध्यक्ष सुरेन्द्र रावत, महामंत्री विकास डिमरी सहित अन्य मौजूद थे।