उत्तराखंड

अल्‍मोड़ा में खाई में गिरी कार, एक की मौत, दो घायल..

अल्‍मोड़ा में खाई में गिरी कार, एक की मौत, दो घायल..

 

 

 

उत्तराखंड: अल्‍मोड़ा जिले में भनोली रोड पर पलौली के जानलेवा मोड़ पर एक जिंदगी और खत्म हो गई। तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर कार खाई में जा गिरी। हादसे में चालक की मौत हो गई जबकि वाहन सवार दो लोग घायल हो गए। उन्हें जिला मुख्यालय रेफर कर दिया गया है। वाहन करीब डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में गिरा जिससे उसके परखच्चे उड़ गए।

 

दुर्घटना शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे हुई। भनोली तहसील के तड़कोट गांव निवासी कार यूके 01 सीए 7601 पंकज सिंह रावत (24) पुत्र हरीश सिंह शुक्रवार को गुणादित्य से काफलीखान जा रहे थे। वाहन में तड़कोट गांव के ही गोपाल सिंह गैड़ा की पुत्री किरन व नौ वर्षीय पुत्र नंदन उर्फ नंदू भी बैठा था। भनोली रोड पर पलौली के तीखे मोड़ पर चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा, और कार डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में समा गया।

 

उधर से गुजर रहे पूर्व प्रधान भनोली गणेश बिष्ट ने आसपास के लोगों को बुलवाया। थाने में भी सूचना दी गई। एसओ गोविंद सिंह मेहता भी राहत व बचाव दल के साथ पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से निकाला गया। पूर्व प्रधान अपने निजी वाहन से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी ले गए।

 

मगर चालक पंकज ने दम तोड़ दिया। घायल 24 साल की किरन व उसके नौ वर्षीय भाई नंदू को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. बीबी जोशी का कहना हैं कि घायलों की हालत खतरे से बाहर है। लेकिन बेहतर उपचार के लिए उन्हें अल्मोड़ा भेजा गया है।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top